महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉमेडी शो विवाद पर कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जरूरी है, लेकिन इससे किसी की गरिमा और अधिकारों का हनन नहीं होना चाहिए। मामले में पुलिस जांच जारी है।

खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉमेडी शो को लेकर उठे विवाद पर सख्त और संतुलित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन इसका इस्तेमाल किसी दूसरे व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

फडणवीस ने यह टिप्पणी एक स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रनीत मोरे से जुड़े विवाद पर पूछे गए सवाल के जवाब में की। उन्होंने कहा कि वे खुद भी स्टैंड-अप कॉमेडी पसंद करते हैं और इसे मनोरंजन का एक अच्छा माध्यम मानते हैं, लेकिन यह ध्यान रखना जरूरी है कि अभिव्यक्ति एक सीमा के भीतर रहे।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा “हर किसी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार है, लेकिन यह किसी तरह का लाइसेंस नहीं बन सकता। किसी एक व्यक्ति की अभिव्यक्ति दूसरे व्यक्ति की गरिमा और सम्मान के अधिकार का उल्लंघन नहीं कर सकती।”

जैन समुदाय ने की पुलिस से शिकायत इसी बीच, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर प्रसाद वेदपाठक से जुड़े एक अन्य मामले पर भी विवाद बढ़ गया है। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है। भाजपा कॉरपोरेटर प्रवीण छेड़ा ने जैन समुदाय के साथ मिलकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि वेदपाठक ने एक आवासीय सोसायटी में जैन मुनियों के लिए बनाए गए सफेद सड़क चिन्हों को लेकर गलत टिप्पणी की और “जैन जिहाद” जैसा शब्द इस्तेमाल किया।

विवाद बढ़ने के बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि वेदपाठक ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि किसी भी समुदाय के नाम पर सार्वजनिक स्थानों को बांटना सामाजिक एकता के लिए खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि साझा स्थानों की पहचान सभी के लिए समान होनी चाहिए और किसी एक समुदाय के प्रतीक के रूप में उन्हें नहीं देखा जाना चाहिए। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Source: https://www.amarujala.com/india-news/maharashtra-cm-fadnavis-says-freedom-of-expression-must-not-violate-human-dignity-amid-comedy-show-controversy-2026-06-13