खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के कैथल स्थित गांव कसान में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत में बिजली की तारें ठीक करवा रहे करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग पर कुछ लोगों ने डंडों और लाठियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन कार में अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी गई, जिससे वाहन सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। बाद में अस्पताल में चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अदालत ने दिया था स्टे आदेश राजौंद थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कसान निवासी रामनिवास ने बताया कि वह स्वास्थ्य विभाग में एमपीएचडब्ल्यू के पद पर कार्यरत है। उसके पिता कौर सिंह और चाचा बलवान का गांव के हरिकेश, अमित और तरसेम के साथ कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार दूसरे पक्ष ने विवादित भूमि पर निर्माण करने का प्रयास किया था, जिसके खिलाफ मई 2026 में अदालत से स्टे आदेश लिया गया था।
स्टे आदेश के बाद बढ़ी रंजिश रामनिवास ने आरोप लगाया कि स्टे मिलने के बाद दूसरा पक्ष उनके परिवार से रंजिश रखने लगा। 11 जून को आरोपियों ने खेत की बिजली लाइन काट दी और ट्रांसफार्मर का फ्यूज तोड़ दिया। साथ ही खेती करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। खेत की जुताई के लिए गए ट्रैक्टर चालक को भी डराकर वापस भेज दिया गया था। इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी।
खेत में घेरकर किया हमला शिकायत के अनुसार, गुरुवार शाम कौर सिंह खेत में लटक रही बिजली की तारों को ठीक कराने के लिए इलेक्ट्रीशियन सुरेंद्र को लेकर गए थे। इसी दौरान उनका चचेरा भाई जसबीर सिंह भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि तभी अमित, तरसेम, सुखचैन और विनीत सहित अन्य लोग मौके पर आ गए और जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने कहा कि उन्हें जमीन पर स्टे लेने और खेत में आने का मजा चखाया जाएगा। इसके बाद आरोपियों ने डंडों और लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे कौर सिंह पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाते समय हुई दुर्घटना परिजनों ने डायल-112 पर सूचना देने के बाद घायल कौर सिंह को कार में बैठाकर कैथल अस्पताल ले जाना शुरू किया। आरोप है कि तितरम के पास पहुंचने पर एक कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। राहगीरों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कौर सिंह को मृत घोषित कर दिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अमित, तरसेम, सुखचैन, विनीत, हरिकेश और उनके अन्य साथियों ने मिलकर उसके पिता की हत्या की है। राजौंद थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: https://www.amarujala.com/haryana/kaithal/man-beaten-to-death-in-land-dispute-car-rammed-while-he-being-taken-to-hospital-2026-06-20