खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आज से होगा। सोमवार से बुधवार तक लिखित परीक्षा रोजाना दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड किए हैं।
महिला अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भर्ती बोर्ड ने उनके गृह जनपद के मंडल वाले जिलों में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया है। साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान चेकिंग के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान धार्मिक चिन्हों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि पहनने पर पाबंदी नहीं रहेगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को हाईटेक उपकरणों की जांच के बाद ही प्रवेश करने दिया जाएगा।
चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी की ओर से हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। चारबाग जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार हेल्प डेस्क के माध्यम से परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी दी जाएगी। कोई भी समस्या आने पर परीक्षार्थी बेहिचक जीआरपी की मदद ले सकते हैं। आरपीएफ इंचार्ज भूपेंद्र सिंह डागर ने बताया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्लेटफार्म पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। एंबुलेंस व स्टेशन पर डॉक्टर की तैनाती भी रहेगी। टेम्पो और ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों से बैठक कर उन्हें हिदायत दी गई है कि परीक्षार्थियों से तय रेट ही लिए जाएं। मनमानी वसूली न की जाए। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में यात्रा के दौरान किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक भर्ती प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के विभिन्न जिलों में आवागमन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र दिखाकर परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत रियायती किराए का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए लागू रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुगम और अनुकूल वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को प्रदेशभर में होगी। इसमें 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनकी सुविधा के लिए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने रोडवेज के प्रबंध निदेशक पीएन सिंह को क्षेत्रीय प्रबंधकों और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को विशेष निर्देश जारी करने को कहा है। मंडल व जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। ये अधिकारी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। प्रमुख बस स्टेशनों पर परीक्षा सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी मिलेगी। परीक्षा केंद्रों तक पहुंच के लिए बसों का अस्थायी रूट डायवर्जन व अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। यात्री सुविधाएं और सुरक्षा पर फोकस परिवहन राज्यमंत्री ने पर्याप्त बसें, चालक और परिचालक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बसों की उपलब्धता और संचालन की निगरानी वास्तविक समय में और जीपीएस प्रणाली से की जाएगी। सभी बस स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली सक्रिय रहेगी। साफ-सफाई, पेयजल और प्रसाधन जैसी यात्री सुविधाएं चौबीसों घंटे मिलेंगी। सभी बसें तकनीकी रूप से सुरक्षित होंगी और उनमें आवश्यक उपकरण उपलब्ध रहेंगे।
Source: https://www.amarujala.com/lucknow/up-constable-recruitment-exam-starts-today-fare-will-be-halved-on-showing-admit-card-28-lakh-candidates-wil-2026-06-08