खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्रिटेन की एक सांसद ने एलन मस्क की कंपनी एक्स एआई-ग्रोक के खिलाफ निजता के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि ग्रोक चैटबॉट का इस्तेमाल करके उनकी नकली तस्वीरें बनाई गई थीं। सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की सांसद जेस असाटो ने बताया कि जनवरी में जब उन्होंने ऑनलाइन डीपफेक फैलने की आलोचना की थी तो किसी ने उनकी सहमति के बिना ग्रोक का इस्तेमाल करके बिकिनी में उनकी नकली तस्वीरें बना दीं। असाटो ने बुधवार को लंदन के हाईकोर्ट में डाटा संरक्षण अधिनियम के तहत हर्जाने का दावा भी दायर किया।
एवरेस्ट पर बिना भोजन-ऑक्सीजन एक हफ्ते लापता रहा शेरपा सुरक्षित माउंट एवरेस्ट पर चमत्कारिक रूप से जीवित बचे 52 वर्षीय नेपाली शेरपा गाइड दावा को सुरक्षित बचा लिया गया है। सागरमाथा प्रदूषण नियंत्रण समिति के लामा काजी शेरपा ने बताया कि उनकी टीम ने सीजन खत्म होने के बाद सफाई के दौरान दावा को खुंबू आइसफॉल के पास खोजा और अस्पताल पहुंचाया। दावा एक पोलिश पर्वतारोही के साथ लौटते समय कैंप 3 और 4 के बीच 29 मई से लापता थे। नेपाल माउंट एवरेस्ट हाइकिंग कंपनी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर इसे चमत्कार बताते हुए कहा कि दावा बिना भोजन, पानी और ऑक्सीजन के खुंबू आइसफॉल में एक हफ्ते तक जीवित रहे। अस्पताल में भर्ती दावा की बेटी म्हेन्दो ल्हामो शेरपा ने कहा कि वह मुझे पहचान रहे हैं। बातचीत कर रहे हैं। हम बहुत खुश हैं। उनका इलाज जारी है। उधर जारी की गई तस्वीरों में दावा को अस्पताल ले जाते हुए दिखाया गया है। उन्होंने अभी भी पर्वतारोहण के वे कपड़े पहने हुए हैं जो उनके लापता होने के समय के थे। उनका कठोर परिस्थितियों में लंबे समय तक रहने से हुई अन्य जटिलताओं का इलाज किया जा रहा है। पाकिस्तान का भारत पर चेनाब का पानी मोड़ने का आरोप पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि भारत चेनाब नदी के पानी को ब्यास नदी में सुरंग के माध्यम से डालने की योजना बना रहा है, ये दोनों नदियां सिंधु बेसिन का हिस्सा हैं। पाकिस्तान ने इसे सिंधु जल संधि और अन्य अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया है। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए यह आरोप लगाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से निलंबित कर दिया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। अंद्राबी ने दावा किया कि चेनाब नदी के पानी का ब्यास नदी प्रणाली में इस प्रकार का अंतर-बेसिन मोड़ना न केवल सिंधु जल संधि का, बल्कि अंतरराष्ट्रीय जल कानून का भी गंभीर उल्लंघन है, जिसमें 1977 के जलमार्ग संबंधी संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन में शामिल सिद्धांत भी शामिल हैं। आज से भारत दौरे पर नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल 5 से 7 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। उन्हें भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आमंत्रित किया है। नेपाल सरकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि नई दिल्ली में दोनों मंत्रियों के बीच औपचारिक बैठक होगी। इस दौरान व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी।
Source: https://www.amarujala.com/world/world-news-hindi-asia-pakistan-china-europe-us-uk-west-asia-politics-and-global-events-news-updates-in-hindi-2026-06-05