विशाखापत्तनम के समुद्र में सात मछुआरों की नाव हादसे का शिकार हो गई। भारतीय नौसेना ने एक मछुआरे को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन छह अन्य अब भी लापता हैं। नौसेना और कोस्ट गार्ड लगातार तीसरे दिन खोज अभियान चला रहे हैं। आखिर समुद्र में यह हादसा कैसे हुआ? खराब मौसम के बीच बचाव अभियान कितना मुश्किल है और सरकार क्या कदम उठा रही है? आइए, विस्तार से जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम तट के पास समुद्र में बड़ा बचाव अभियान जारी है। भारतीय नौसेना ने समुद्र में फंसे एक मछुआरे को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित बचाकर तट तक पहुंचा दिया है, लेकिन उसके साथ गए छह अन्य मछुआरे अब भी लापता हैं। भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) लगातार तीसरे दिन उनकी तलाश में जुटे हैं। खराब मौसम, तेज हवाओं और ऊंची लहरों के बावजूद समुद्र में बड़े स्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान दिखाता है कि संकट की घड़ी में भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड मानव जीवन बचाने के लिए किस तरह लगातार काम करते हैं।
भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड लगातार तीसरे दिन भी छह लापता मछुआरों की तलाश कर रहे हैं। कोस्ट गार्ड के दो जहाज और दो हेलीकॉप्टर समुद्र में खोज अभियान चला रहे हैं। बचाए गए मछुआरे से मिली जानकारी के आधार पर गंगावरम के आसपास के समुद्री क्षेत्र में तलाश तेज कर दी गई है। हालांकि तेज हवाएं और समुद्र की ऊंची लहरें अभियान में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। इसके बावजूद राहत दल लगातार समुद्र में खोज कर रहे हैं। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं और अधिकारियों को खोज का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
लापता नाव के मालिक कारी चिन्ना को 6 जुलाई को पनामा के झंडे वाले व्यापारी जहाज एमवी यूनिवर्स वेल्दी ने समुद्र से बचाया था। इसके बाद नागरिक प्रशासन के अनुरोध पर भारतीय नौसेना ने हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें जहाज से एयरलिफ्ट किया। हेलीकॉप्टर ने रेस्क्यू होइस्ट प्रणाली की मदद से उन्हें सुरक्षित निकाला और आईएनएस डेगा पहुंचाया। वहां से उन्हें केआईएमएस आइकॉन अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
5 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे मछली पकड़ने वाली नाव समुद्र में पलट गई।
नाव पलटने के बाद कारी चिन्ना लगातार तैरते रहे और अपनी जान बचाने की कोशिश करते रहे।
उन्होंने करीब 18 घंटे तक समुद्र में संघर्ष किया।
रविवार सुबह करीब 9 बजे पनामा के झंडे वाले व्यापारी जहाज एमवी यूनिवर्स वेल्दी के चालक दल ने उन्हें समुद्र से सुरक्षित बचाया।
भारतीय नौसेना ने बाद में हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर उन्हें आईएनएस डेगा पहुंचाया।
Source: https://www.amarujala.com/india-news/one-fisherman-rescued-six-still-missing-off-vizag-cm-naidu-orders-wider-search-navy-coast-guard-continue-hunt-2026-07-07