खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय शेयर बाजार में आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की गतिविधियां फिर से तेज हो गई हैं। इक्विरस की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 245 कंपनियों ने बाजार नियामक सेबी के पास अपने मसौदा रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किए हैं। इनमें से 175 कंपनियों को सेबी से पूंजी जुटाने की मंजूरी मिल चुकी है। यह निवेशकों के लिए आने वाले समय में कई नए निवेश के अवसर खोल सकता है।
जून 2026 में आईपीओ बाजार की गतिविधियों ने एक बार फिर गति पकड़ी। अमेरिका-ईरान संघर्षविराम के बाद वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता कम हुई। इससे बाजार का माहौल बेहतर हुआ और कंपनियों ने प्राथमिक बाजार का रुख किया। हालांकि, आईपीओ आने की गति अभी भी सितंबर 2025 के उच्च स्तर से कम है। उस समय 25 कंपनियों ने बाजार में दस्तक दी थी। बाजार में स्थिरता आने के साथ नई कंपनियां धीरे-धीरे सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही हैं।
बाजार में स्थिरता और निवेशकों की भावना में सुधार के कारण कई कंपनियां आगे बढ़ रही हैं। इस साल अब तक 36 कंपनियां अपने आईपीओ लेकर आ चुकी हैं। इनमें से 9 कंपनियां तो इसी महीने (जुलाई 2026) शामिल हैं। मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज 29 जुलाई को अपना आईपीओ खोलेगी। जुनिपर ग्रीन एनर्जी 30 जुलाई को अपना सार्वजनिक निर्गम शुरू करेगी। एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स भी जल्द ही अपना आईपीओ लॉन्च करेगी।
अगले महीने शेयर बाजार में आईपीओ की एक लंबी कतार देखने को मिलेगी। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो, लॉजिस्टिक्स कंपनी शिपरॉकेट और हाउसिंग फाइनेंस कंपनी ट्रू होम फाइनेंस शामिल हैं। इनके साथ एक दर्जन से ज्यादा अन्य कंपनियां भी आईपीओ लाने की तैयारी में हैं। इन सभी आईपीओ के जरिये कुल 25,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जुटाई जा सकती है। जेप्टो 8,010 करोड़ रुपये तक का सबसे बड़ा फ्रेश निर्गम और 11.34 करोड़ इक्विटी शेयरों का बिक्री प्रस्ताव लाएगी। इनोवेटिव्यू इंडिया (2,000 करोड़ रुपये) और मिल्की मिस्ट डेयरी फूड (1,553 करोड़ रुपये) भी बाजार में आने को तैयार हैं।
Source: https://www.amarujala.com/business/bazaar/know-all-about-upcoming-ipo-news-which-companies-are-going-to-launch-there-share-in-ipo-in-upcoming-months-2026-07-29