खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन सोमवार से होगा। सोमवार से बुधवार तक लिखित परीक्षा रोजाना दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 25 लाख अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अब तक 16 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड किए हैं।
सोमवार से शुरू हो रही उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में उमड़ने वाली परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए चारबाग, लखनऊ जंक्शन सहित सभी रेलवे स्टेशनों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी एलर्ट मोड पर हैं। आवश्यकता पड़ने पर अन्य ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां लगाने की तैयार कर ली गई है। स्टेशन पर पुलिस हेल्प डेस्क, अतिरिक्त टिकट काउंटर बना दिए गए हैं। सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी की अतिरिक्त फोर्स के साथ पीएसी जवान भी तैनात रहेंगे। चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में जीआरपी की ओर से हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। चारबाग जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह के अनुसार हेल्प डेस्क के माध्यम से परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी दी जाएगी। कोई भी समस्या आने पर परीक्षार्थी बेहिचक जीआरपी की मदद ले सकते हैं। आरपीएफ इंचार्ज भूपेंद्र सिंह डागर ने बताया कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्लेटफार्म पर अतिरिक्त जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। एंबुलेंस व स्टेशन पर डॉक्टर की तैनाती भी रहेगी। टेम्पो और ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों से बैठक कर उन्हें हिदायत दी गई है कि परीक्षार्थियों से तय रेट ही लिए जाएं। मनमानी वसूली न की जाए। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Source: https://www.amarujala.com/lucknow/up-constable-recruitment-exam-begins-across-the-state-on-monday-15-lakh-admit-cards-downloaded-for-the-three-2026-06-07