खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

अयोध्या में राम मंदिर से दान के करोड़ों रुपये गायब होने के सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारी इस बारे में राम मंदिर ट्रस्ट के संपर्क में हैं, हालांकि अभी तक ट्रस्ट की ओर से कोई भी शिकायत नहीं दी गई है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट को सही स्थिति के बारे में बताने को कहा गया है। फिलहाल पुलिस अधिकारी पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए हैं और ट्रस्ट की ओर से आधिकारिक रूप से शिकायत दर्ज कराने के बाद ही जांच की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे।

सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने एक्स एकाउंट पर लिखा है कि पूरी दुनिया में भगवान राम के उपासकों के लिए एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है। वे आगे लिखते हैं कि यह मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है। कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है। उन्होंने यह भी लिखा है कि न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है, क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है। उन्होंने इस मामले में सरकार की चुप्पी को संदिग्ध करार दिया है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने रविवार को राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का समय-समय पर आंतरिक ऑडिट कराया जाता है। इस प्रक्रिया में ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि भी शामिल रहते हैं। चंपत राय ने बताया कि ऑडिट का कार्य कई दिनों तक चलता है और वर्तमान में भी यही प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक ऑडिट में कोई उल्लेखनीय बात सामने नहीं आई है।

Source: https://www.amarujala.com/lucknow/up-ayodhya-s-ram-temple-trust-accused-of-fraud-police-have-not-yet-received-a-written-complaint-trust-to-re-2026-06-07