भोपाल के बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में दिल्ली एम्स की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीबीआई को सौंप दी गई है। रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश होगी। नए तथ्य सामने आने पर सीबीआई गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से दोबारा पूछताछ कर सकती है।

खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

राजधानी भोपाल के बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। दिल्ली एम्स द्वारा तैयार की गई दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सीबीआई को सौंप दी गई है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई रिपोर्ट का गहन अध्ययन कर रही है और इसे जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। अदालत के निर्देशों के आधार पर ही जांच की आगामी दिशा तय होगी।

मामले की जांच फिलहाल त्विषा शर्मा की गर्भावस्था, संभावित गर्भपात और उसके बाद हुई मौत की परिस्थितियों पर केंद्रित है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान मिलने का उल्लेख किया गया था। अब दूसरी रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों का पहले से उपलब्ध साक्ष्यों और घटनास्थल की परिस्थितियों से मिलान किया जा रहा है।

पढ़ें: त्विषा शर्मा केस: गिरिबाला सिंह की वीआईपी ट्रीटमेंट के आरोप में डिप्टी जेलर हटाई गईं, दो और पर कार्रवाई तय सीबीआई अधिकारियों का मानना है कि मेडिकल, फोरेंसिक और डिजिटल साक्ष्यों के पूर्ण विश्लेषण के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। एजेंसी फांसी के फंदे से जुड़े तथ्यों की भी बारीकी से जांच कर रही है। इसके लिए डमी ट्रायल और फोरेंसिक परीक्षणों का सहारा लिया जा रहा है, ताकि घटनास्थल की वास्तविक परिस्थितियों को समझा जा सके। वहीं, सीबीआई की एक विशेष टीम त्विषा शर्मा के मोबाइल फोन और लैपटॉप की डिजिटल जांच में जुटी हुई है। डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे चैट, कॉल रिकॉर्ड, फोटो, वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के माध्यम से घटनाक्रम की अहम कड़ियां सामने आ सकें। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि डिजिटल साक्ष्य मामले की सच्चाई तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में त्विषा की सास, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और पति अधिवक्ता समर्थ सिंह फिलहाल केंद्रीय जेल भोपाल में न्यायिक हिरासत में हैं। दोनों पर दहेज प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकाने और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप हैं। सूत्रों के मुताबिक, दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि कोई नए तथ्य या महत्वपूर्ण खुलासे सामने आते हैं तो सीबीआई दोनों आरोपियों से दोबारा पूछताछ कर सकती है। इसके लिए जांच एजेंसी उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर जेल से रिमांड पर लेने की तैयारी भी कर सकती है। फिलहाल सीबीआई मेडिकल रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों का आपस में मिलान कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस हाई-प्रोफाइल मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

Source: https://www.amarujala.com/madhya-pradesh/tvisha-case-cbi-receive-aiims-sealed-post-mortem-report-sc-to-now-determine-the-direction-of-the-investigation-2026-06-10