खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म 'तुम्बाड' साल 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने खूब तारीफें बटोरीं। बॉक्स ऑफिस पर नोट भी कमाए। फिल्म के कुछ सीन खूब चर्चा में आए, जिनमें बारिश के माहौल में फिल्माए गए सीन भी शामिल थे। लगातार होती बारिश, कीचड़ से भरे सीन और डरावने विजुअल्स ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था। ऐसा ही कुछ जादू मेकर्स दूसरे पार्ट में भी जोड़ना चाहते हैं।
आर्टिफिशियल बारिश का क्यों नहीं लिया सहारा? 'तुम्बाड 2' में बारिश के सीन शूट करने के लिए मेकर्स कथित तौर पर रियल टाइम में मौसम पर नजर रख रहे हैं और उन इलाकों के हिसाब से शूटिंग शेड्यूल बदल रहे हैं, जहां सबसे ज्यादा बारिश हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, टीम ने बड़े स्तर पर आर्टिफिशियल रेन सेटअप का इस्तेमाल करने के बजाय असली बारिश में शूटिंग करने का फैसला किया है। ऐसा इसलिए, ताकि 'तुम्बाड' से जुड़ी वास्तविकता बनी रहे। इसके अलावा उन इलाकों में पानी की कमी को देखते हुए पानी के इस्तेमाल को लेकर भी जिम्मेदार रवैया अपनाया जा सके। इस वजह से आर्टिफिशियल रेन में शूटिंग नहीं करने का फैसला लिया है। चुनौतियों को पार कर बारिश वाले इलाकों में पहुंची टीम फिल्म की प्रोडक्शन टीम महाराष्ट्र के दूर-दराज इलाकों में पहुंच गई है और ऐसी जगहों की तलाश जारी है, जहां भारी बारिश हो रही हो, ताकि 'तुम्बाड' की दुनिया जैसा माहौल फिर से बनाया जा सके। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ जगहों तक पहुंचना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। कलाकारों और क्रू को सेट तक पहुंचने के लिए घने और कठिन रास्तों से होकर करीब दो से तीन घंटे तक पैदल सफर करना पड़ सकता है।
बारिश और प्रकृति फिल्म का अहम हिस्सा बारिश को कैद करने की मेकर्स की कोशिशें और तैयारी यह दिखाती हैं कि फिल्म निर्माता यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि 'तुम्बाड 2' में बारिश सिर्फ एक विजुअल इफेक्ट न होकर कहानी का जीवंत हिस्सा बने। फिल्म से जुड़े एक सूत्र ने बताया, 'जहां 'तुम्बाड' चार मॉनसून में शूट होने के लिए मशहूर हुई थी, वहीं 'तुम्बाड 2' के लिए टीम खुद मॉनसून का पीछा कर रही है। 'तुम्बाड' की दुनिया में बारिश हमेशा एक अहम किरदार रही है और मेकर्स इसे पूरी रियलिटी के साथ पर्दे पर उतारना चाहते हैं'।
कब रिलीज होगी 'तुम्बाड 2' बता दें कि 'तुम्बाड 2' का निर्माण अभिनेता-निर्माता सोहम शाह अपनी कंपनी सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले कर रहे हैं। इसमें उनके साथ दिग्गज निर्माता डॉ. जयंतीलाल गडा के नेतृत्व वाला पेन स्टूडियोज भी साझेदार है। 'तुम्बाड' फिल्म 23 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Source: https://www.amarujala.com/entertainment/nawazuddin-siddiqui-and-sohum-shah-movie-scene-to-shoot-in-real-rainfall-and-monsoon-atmospheres-2026-06-23