इंदौर दौरे पर पहुंचे आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा, केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विदेश नीति, शिक्षा, पेयजल, राम मंदिर ट्रस्ट और आगामी चुनावों को लेकर सवाल उठाते हुए भाजपा को चुनौती दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह एक दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आनंद मोहन माथुर सभागार में आयोजित आम आदमी पार्टी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार, विदेश नीति, मध्य प्रदेश सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मुद्दों पर तीखा हमला बोला।
क्या बोले संजय सिंह? संजय सिंह ने कहा कि अमेरिका द्वारा भारतीय जहाजों पर किए गए हमले के मामले में प्रधानमंत्री को कड़ा रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका के सामने मजबूती से भारत का पक्ष रखना चाहिए और इस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर भी टिप्पणी करते हुए दावा किया कि भारतीय जहाजों पर हमले के बाद विरोध दर्ज कराने के प्रयासों को गंभीरता से नहीं लिया गया। पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के बाद विपक्षी दलों में तोड़फोड़ करती है और भ्रष्ट नेताओं को अपने दल में शामिल कर लेती है।
मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में कई सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं और लोगों को साफ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में बेहतर काम किया था। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश में अपने उम्मीदवार उतारेगी और भाजपा को चुनौती देगी।
उन्होंने युवाओं के विभिन्न आंदोलनों और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों का समर्थन करते हुए कहा कि रोजगार और शिक्षा जैसे विषयों पर युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर कमजोर साबित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को विदेश दौरों के दौरान देशहित में हासिल उपलब्धियों की जानकारी जनता को देनी चाहिए।
राम मंदिर ट्रस्ट और कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर भी संजय सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण और जमीन खरीद से जुड़े मामलों में पारदर्शिता होनी चाहिए तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी और बरामदगी हुई है, जिसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने संबंधित ट्रस्ट पदाधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की।
Source: https://www.amarujala.com/madhya-pradesh/sanjay-singh-targets-bjp-in-indore-raises-questions-on-foreign-policy-ram-mandir-and-governance-issues-2026-06-14