खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने सर्वसम्मति से नीतिगत ब्याज दर (रेपो रेट) को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखने का फैसला किया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि समिति ने तटस्थ (न्यूट्रल) रुख बनाए रखने का भी निर्णय लिया है। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक वृद्धि को मजबूत घरेलू मांग का लगातार समर्थन मिल रहा है।

आरबीआई गवर्नर ने कहा कि लगातार बनी वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ है, क्योंकि इससे प्रमुख व्यापारिक मार्ग प्रभावित हो रहे हैं।

संजय मल्होत्रा ने कहा कि निकट अवधि में कच्चे तेल और खाद्य वस्तुओं की ऊंची कीमतों के कारण खुदरा महंगाई बढ़ सकती है। महंगाई तीसरी तिमाही (क्यू3) में अपने उच्च स्तर पर पहुंचने के बाद घटनी शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि महंगाई में बढ़ोतरी मुख्य रूप से खाद्य और ईंधन की कीमतों के कारण हुई है और इसका असर व्यापक स्तर पर नहीं देखा जा रहा है।

Source: https://www.amarujala.com/business/business-diary/rbi-governor-sanjay-malhotra-announce-no-repo-rate-change-policy-decision-know-about-all-decisions-2026-08-05