खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम में रहने वाली रेणु ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच के अनुसार, छात्रा ने 3 मई को नीट परीक्षा दी थी और परीक्षा रद्द होने की खबरों के बाद से कथित तौर पर वह डिप्रेशन में थी।
मौके से मिले सुसाइड नोट से उसकी मानसिक परेशानी का पता चला। नोट में उसने अपने माता-पिता से माफी मांगी और लिखा कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब नीट परीक्षा को लेकर लगातार विवाद चल रहे हैं।
राजस्थान के सीकर में भी एक छात्र ने की थी आत्महत्या इससे पहले राजस्थान के सीकर में भी एक छात्र ने आत्महत्या की थी। 22 साल के उमेश माली नाम का यह छात्र नीट परीक्षा के अपने तीसरे प्रयास की तैयारी कर रहा था, जो 21 जून को होनी है। सीकर में नीट की तैयारी कर रहे छात्र की आत्महत्या का यह दूसरा मामला था।
पुलिस के मुताबिक, झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ का रहने वाला उमेश परीक्षा की तैयारी के चलते सीकर के उद्योग नगर पुलिस स्टेशन इलाके में एक फ्लैट में अपनी मां, बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ रह रहा था। उसके पिता मुंबई में टाइल कॉन्ट्रैक्टर का काम करते हैं।
मंगलवार को भी एक छात्रा ने भी आत्महत्या कर ली थी। देहरादून में 23 साल की एक युवती ने नीट परीक्षा पास न कर पाने के कारण कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसने अपने माता-पिता के नाम एक नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था, 'मम्मी-पापा, मैं आपसे प्यार करती हूं।" पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि वह लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी और मेडिकल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती थी।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने उम्मीदवारों को भरोसा दिलाया है कि दोबारा आयोजित की जाने वाली परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित और निष्पक्ष होगी। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर चल रहे उन रैकेटों से सावधान रहने की अपील की है, जो मोटी रकम लेकर परीक्षा के पेपर बेचने का दावा कर रहे हैं।
टेलीग्राम पर प्रतिबंध के खिलाफ कोर्ट पहुंची कंपनी नीट यूजी री-एग्जाम से पहले केंद्र सरकार द्वारा टेलीग्राम पर लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध के खिलाफ कंपनी ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। टेलीग्राम ने सरकार के इस फैसले को चुनौती देते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की है। यह मामला दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष उल्लेखित किया गया। याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे आज ही सुनने पर सहमति जताई है।
नीट री-एग्जाम से पहले सरकार ने लगाया अस्थायी प्रतिबंध दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) 21 जून को देश भर में नीट यूजी री-एग्जाम आयोजित कराने जा रही है। इससे पहले केंद्र सरकार ने टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। सरकार का मानना है कि परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी, प्रश्नपत्र या अन्य संवेदनशील सामग्री के लीक होने की आशंका को देखते हुए यह कदम आवश्यक है।
Source: https://www.amarujala.com/delhi-ncr/student-preparing-for-neet-in-delhi-commits-suicide-2026-06-17