भारतीय तटरक्षक बल का नया तेज गश्ती पोत आईसीजीएस अचल वाडिनार बेस पर पहुंच गया है। 51 मीटर लंबा यह अत्याधुनिक पोत उन्नत निगरानी और संचार प्रणालियों से लैस है। इसकी तैनाती से समुद्री सुरक्षा, तटीय निगरानी, तस्करी रोकथाम, खोज-बचाव अभियानों और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) का नव-नियुक्त तेज गश्ती पोत आईसीजीएस अचल उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में स्थित अपने बेस बंदरगाह वाडिनार पहुंचा है। यह भारतीय तटरक्षक बल की ऑपरेशनल क्षमता में खास बढ़ोतरी का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक अवसर पर एक विशेष स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और स्थानीय प्रशासन एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
9 मई को किया गया शामिल बता दें कि आईसीजीएस अचल को 9 मई को गोवा में भारतीय तटरक्षक बल के बेड़े में औपचारिक रूप से शामिल किया गया। 51 मीटर लंबा यह अत्याधुनिक पोत उन्नत नेविगेशन, संचार और निगरानी प्रणालियों से सुसज्जित है। लंबे समुद्री गश्ती, त्वरित प्रतिक्रिया अभियानों और अलग प्रकार के समुद्री मिशनों के लिए डिजाइन किया गया है। यह पोत गति, सहनशक्ति और परिचालन लचीलेपन का अनूठा संगम है।
इसकी उच्च गति और उन्नत परिचालन क्षमताएं इसे समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए विशेष रूप से उपयुक्त बनाती हैं। भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र देश की समुद्री सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र है। गुजरात का विस्तृत समुद्री तट, अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार मार्गों की निकटता तथा समुद्री गतिविधियों की अधिकता इस क्षेत्र को रणनीतिक महत्व प्रदान करती है। ऐसे में आईसीजीएस अचल की वाडिनार में तैनाती समुद्री सुरक्षा ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगी और तटीय निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
Source: https://www.amarujala.com/india-news/indian-coast-guard-fleet-strengthened-icgs-achal-arrives-at-vadinar-here-are-its-key-features-2026-06-23