रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी 7.7% बढ़ने पर इसे देश की आर्थिक मजबूती का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के सुधारों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है।

खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी के 7.7 प्रतिशत की दर से बढ़ने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश की आर्थिक प्रगति की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह भारत की मजबूती और उस ठोस आधार को दिखाता है, जिसे पिछले 12 वर्षों में 'रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म' के मंत्र के जरिए तैयार किया गया है।

रक्षा मंत्री ने एक्स पर क्या लिखा? रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'ऐसे समय में जब कई देश आर्थिक अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था के तौर पर अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था 7.7 प्रतिशत की दर से बढ़ी और चौथी तिमाही में यह रफ्तार बढ़कर 7.8 प्रतिशत हो गई। यह भारत की मजबूती और उस ठोस आधार को दिखाता है, जिसे पिछले 12वर्षों में 'रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म' के मंत्र के जरिए तैयार किया गया है।'

इस दौरान, रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास के साथ-साथ स्थिरता, आत्मविश्वास, टिकाऊपन और विश्वसनीयता को भी आगे बढ़ाया है। राष्ट्र-निर्माण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता, इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्यमिता पर उनका ध्यान और अभूतपूर्व वैश्विक चुनौतियों के बीच देश को सही दिशा देने की उनकी क्षमता ने भारत को एक आत्मविश्वासी, मजबूत और दुनिया भर में सम्मान पाने वाली आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया है।' राजनाथ सिंह ने आगे लिखा, 'जैसे-जैसे भारत 'विकसित भारत' के विजन की ओर बढ़ रहा है। विकास की यह शानदार कहानी नए अवसर पैदा कर रही है। 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीदों को मजबूत कर रही है।'

Source: https://www.amarujala.com/india-news/defense-minister-rajnath-singh-called-india-s-gdp-growth-a-symbol-of-strength-praised-pm-modi-s-leadership-2026-06-06