खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी में रविवार को बड़ी बहन की डांट से आहत होकर 19 वर्षीय युवती ने 16वीं मंजिल स्थित फ्लैट की खिड़की से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बरेली से आई थी तनिष्का पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान तनिष्का तोमर (19) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से बरेली की बीडीए कॉलोनी की रहने वाली थी। तनिष्का ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और कुछ दिन पहले ही अपनी बड़ी बहन गरिमा तोमर के पास रहने के लिए ग्रेटर नोएडा आई थी। गरिमा आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी के 16वीं मंजिल स्थित फ्लैट में किराये पर रहती हैं और एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
घरेलू बात पर हुआ था विवाद जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर करीब एक बजे किसी घरेलू बात को लेकर दोनों बहनों के बीच बातचीत हुई। जिसके दौरान बड़ी बहन ने तनिष्का को डांट दिया। इसके बाद गरिमा अपने कमरे में आराम करने चली गईं। प्रारंभिक जांच के अनुसार इसी बात से आहत होकर तनिष्का ने करीब दो बजे फ्लैट की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी।
छोटी को देखकर बड़ी बहन होने लगी बार बार बेहोश नीचे गिरने की आवाज सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे तो युवती खून से लथपथ पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी बहन भी नीचे पहुंची। छोटी बहन की हालत देखकर वह बदहवास हो गईं और बार-बार बेहोश होने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों से हुई पूछताछ मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से भी पूछताछ की गई, हालांकि उन्होंने युवती के इस कदम के पीछे किसी अन्य कारण की जानकारी होने से इनकार किया है।
पुलिस का बयान प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बड़ी बहन द्वारा डांटे जाने के बाद युवती के आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: https://www.amarujala.com/delhi-ncr/noida/girl-jumps-from-16th-floor-in-greater-noida-after-being-scolded-by-sister-dies-2026-06-21