खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

डलास स्टेडियम में खेला गया ग्रुप एफ का मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक साबित हुआ। नीदरलैंड और जापान के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

पहले हाफ में दोनों टीमों ने सतर्क खेल दिखाया और कोई गोल नहीं हुआ। हालांकि दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही मुकाबला पूरी तरह बदल गया। 50वें मिनट में कप्तान वर्जिल वान डाइक ने रयान ग्रावेनबर्च के क्रॉस पर शानदार हेडर लगाकर नीदरलैंड को बढ़त दिलाई।

जापान ने हार नहीं मानी और 57वें मिनट में केइटो नाकामुरा ने निचले कोने में सटीक शॉट लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद 64वें मिनट में क्रिसेंसियो समरविल ने बेहतरीन कर्लिंग शॉट के जरिए नीदरलैंड को फिर से 2-1 की बढ़त दिला दी।

ऐसा लग रहा था कि डच टीम तीन अंक लेकर जाएगी, लेकिन 89वें मिनट में जापान ने शानदार वापसी की। कोकी ओगावा के हेडर को दाइची कमादा ने डिफ्लेक्ट कर गोल में पहुंचा दिया और स्कोर 2-2 हो गया। इस गोल ने जापान को एक महत्वपूर्ण अंक दिला दिया।

जापान ने एक बार फिर साबित किया कि वह दबाव की परिस्थितियों में भी वापसी करना जानता है। कतर विश्वकप 2022 में जर्मनी और स्पेन के खिलाफ पीछे रहने के बावजूद जीत दर्ज करने वाली जापानी टीम ने इस बार भी अपने जज्बे का परिचय दिया।

वान डाइक रहे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: नीदरलैंड के कप्तान वर्जिल वान जिक को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने एक गोल किया और पूरे मैच में डिफेंस को मजबूती प्रदान की।

प्लेयर ऑफ द मैच: वर्जिल वान जिक (नीदरलैंड) ग्रुप एफ अंक तालिका

ग्रुप ई में जर्मनी ने विश्वकप में पहली बार खेल रही कुरासाओ टीम को 7-1 से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए। चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली थी।

छठे मिनट में फेलिक्स एनमेचा ने फ्लोरियन विर्ट्ज के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए पहला गोल किया। हालांकि 21वें मिनट में लिवानो कोमेनेसिया ने गोल दागकर कुरासाओ को बराबरी दिला दी और स्टेडियम में मौजूद समर्थकों में उत्साह भर दिया।

लेकिन इसके बाद जर्मनी ने कोई मौका नहीं दिया। 38वें मिनट में निको श्लोटरबेक ने कॉर्नर पर हेडर से गोल किया। पहले हाफ के अतिरिक्त समय में काई हैवर्ट्ज ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में जर्मन आक्रमण और भी घातक हो गया। 47वें मिनट में जमाल मुसियाला ने जोशुआ किमिख के पास पर गोल किया। इसके बाद नाथानिएल ब्राउन, डेनिज उंडाव और फिर हैवर्ट्ज ने गोल कर जीत का अंतर बढ़ा दिया।

हैवर्ट्ज ने दो गोल कर मैच में अपनी छाप छोड़ी और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

जर्मनी के अनुभवी गोलकीपर मैनुएल नॉयर ने भी इतिहास रचा। 40 वर्ष और 79 दिन की उम्र में वह किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलने वाले जर्मनी के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह रिकॉर्ड लोथार मैथाउस का तोड़ा।

ग्रुप ई में जर्मनी मजबूत स्थिति में

इस जीत के साथ जर्मनी ग्रुप ई में शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं कुरासाओ को अब अगले मुकाबले में इक्वाडोर के खिलाफ हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

प्लेयर ऑफ द मैच: काई हैवर्ट्ज (जर्मनी) खास: काई हैवर्ट्ज ने दो गोल किए, जबकि 40 वर्षीय मैनुएल नॉयर जर्मनी के लिए किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। ग्रुप ई अंक तालिका

दिन के तीसरे मुकाबले में आइवरी कोस्ट और इक्वाडोर के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने पूरे मैच में एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरकार जीत आइवरी कोस्ट के हिस्से में गई।

मैच के अधिकांश समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इक्वाडोर ने कई बार आक्रमण किया, लेकिन आइवरी कोस्ट की रक्षापंक्ति मजबूती से डटी रही।

जब मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तभी अमाद डियालो ने निर्णायक क्षण में गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह गोल अंततः मैच विजयी साबित हुआ।

डियालो के इस गोल ने आइवरी कोस्ट को तीन महत्वपूर्ण अंक दिलाए और टीम अंक तालिका में जर्मनी के बराबर पहुंच गई। अब 21 जून को जर्मनी और आइवरी कोस्ट के बीच होने वाला मुकाबला ग्रुप की शीर्ष टीम तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।

पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच बराबरी की टक्कर रही, लेकिन अमाद डियालो ने निर्णायक मौके का फायदा उठाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। उनके प्रदर्शन ने आइवरी कोस्ट की नॉकआउट दौर की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया।

Source: https://www.amarujala.com/sports/football/fifa-world-cup-2026-japan-s-late-heroics-stun-netherlands-germany-run-riot-ivory-coast-seal-crucial-win-2026-06-15