खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

आज 24 जून 2026 को जेष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी है। आज देहरादून में अमर उजाला संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही चढ़ावा चोरी मामले में सुनवाई हो सकती है।

देहरादून में सजेगा अमर उजाला संवाद का मंच

'अमर उजाला संवाद उत्तराखंड 2026' का आयोजन आज देहरादून में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। संवाद के मंच से वह उत्तराखंड के विकास रोडमैप, सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और आकाश चोपड़ा, कथावाचक देवी चित्रलेखा, अभिनेता राकेश बेदी और अभिषेक बनर्जी जैसी हस्तियां इस दौरान अपने विचार रखेंगे।

चढ़ावा चोरी मामले में हो सकती है सुनवाई

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के मामले हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में सुनवाई हो सकती है। इसे लेकर कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में मामले की जांच सीबीआई या किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराने और चढ़ावे का ऑडिट नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) से कराने की मांग की गई है।

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता जारी भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लेकर बैठक जारी है। इससे पहले दोनों देशों के मुख्य वार्ताकारों के बीच 2 से 4 जून तक नई दिल्ली में विस्तृत बातचीत हुई थी। भारत की प्रमुख मांग यह है कि अमेरिकी बाजार में उसे अपने प्रतिस्पर्धी देशों जैसे वियतनाम, बांग्लादेश, पाकिस्तान और आसियान देशों की तुलना में शुल्क के मामले में बढ़त मिले। फरवरी में भारत ने कई अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर शुल्क घटाने या समाप्त करने का प्रस्ताव दिया था, साथ ही अगले पांच वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर मूल्य के ऊर्जा उत्पाद, विमान, तकनीकी उपकरण और कोकिंग कोल खरीदने की इच्छा भी जताई थी।

भारत 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत गुरुग्राम, हरियाणा में 11 वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक की मेजबानी हो रही है। आज इस बैठक का दूसरा दिन है। इस बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और नवाचार पर सहयोग को बढ़ावा देने के लिए सभी ब्रिक्स सदस्य देशों के ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी एक साथ आएंगे। भारत की यह चौथी ब्रिक्स अध्यक्षता है, इससे पहले वह 2012, 2016 और 2021 में भी इस अध्यक्षता का हिस्सा रह चुका है।

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम कर्मचारी यूनियन 24 जून की रात 12 बजे से प्रदेशभर में बसों की हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों के लंबित भत्तों का करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान लंबे समय से नहीं हुआ है। इस मांग को लेकर पहले ही सरकार को 24 जून तक का समय दिया गया था। मांगें पूरी नहीं होने पर अब यूनियन ने हड़ताल का निर्णय लिया है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)

महिला टी20 विश्वकप में इंग्लैंड-वेस्टइंडीज होंगे आमने-सामने

महिला टी20विश्वकप में आज सिर्फ एक मुकाबला खेला जाएगा। ये मुकाबला ग्रुप-2 की टीमों मेजबान इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच होगा। दोनों टीमें अब तक अजेय हैं। दोनों ने अब तक तीन-तीन मुकाबले जीते हैं। रात 11 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले के विजेता की सेमीफाइनल में जगह तय हो जाएगी।

Source: https://www.amarujala.com/india-news/24-june-2026-major-events-2026-06-23