खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

आज 19 जून 2026 को जेष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जून को विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे। वहीं, लोकसभा स्पीकर के सामने टीएमसी में फूट मामले पर अभिषेक बनर्जी अपना पक्ष बताएंगे।

पीएम मोदी विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 2,400 करोड़ रुपये वितरित करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जून को विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे। ये कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन आयोजित होगा। इस दौरान श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया भी उपस्थित रहेंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य औपचारिक रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है। यह पहली बार रोजगार पाने वाले श्रमिकों को प्रोत्साहित करेगी। ईपीएफओ कवरेज का विस्तार करना भी इसका लक्ष्य है। पीएमओ ने कहा है कि इस योजना से देश भर में लगभग 15 लाख लाभार्थियों को रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिली है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)

लोकसभा स्पीकर के सामने टीएमसी में फूट मामले पर अपना पक्ष बताएंगे अभिषेक बनर्जी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी आज लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे। बिरला ने उन्हें 19 जून को मिलने के लिए कहा है। इस मुलाकात के दौरान अभिषेक बनर्जी टीएमसी में हुई फूट के मामले में अपना पक्ष रखेंगे। इससे पहले तृणमूल के असंतुष्ट धड़े ने 2023 में अस्तित्व में आई पूर्वोत्तर की राजनीतिक पार्टी- नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय का एलान किया था। इससे जुड़ा पत्र भी बागियों ने लोकसभा अध्यक्ष को सौंप दिया था

राहुल गांधी के जन्मदिन पर रोजगार मेला आज लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन है। राहुल के जन्मदिन पर कांग्रेस दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में रोजगार मेले का आयोजन कर रही है। भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित इस मेले में 150 से अधिक निजी कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद है। युवा कांग्रएस प्रमुख उदय भानु चिब के मुताबिक रोजगार मेले में शामिल होने के लिए नि:शुल्क पंजीकरण कराया जा सकता है।

मुख्यमंत्री योगी का अयोध्या-गोंडा दौरा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या और गोंडा के दौरे पर रहेंगे। अयोध्या में राम मंदिर की दान पेटिका में कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर चल रही जांच के बीच मुख्यमंत्री अयोध्या आ रहे हैं। वह रुदौली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अयोध्या आएंगे। मुख्यमंत्री मणिराम दास छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे, वैक्स म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा नगर निगम के जोनल कार्यालय का शुभारंभ और विकास कार्यों से संबंधित पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। उनका जैन मंदिर के कार्यक्रम में शामिल होने का भी कार्यक्रम है। वहीं, गोंडा में मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग (PWD) की परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)

सेबी की बैठक, हो सकते हैं बड़े बदलाव भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) के बोर्ड की आज बैठक है। इस बैठक में कई ऐसे फैसले होने की उम्मीद है जिनका सीधा असर बाजार और निवेशको पर पड़ेगा। ऐसा अनुमान है कि इन फैसलों से कारोबार करने में आसानी होगी। निवेशकों को नई सुविधाएं मिलेंगी और बाजार में ज्यादा पारदर्शिता आएगी। विशेषज्ञों को उम्मीद है कि ओपन मार्केट बायबैक की वापसी हो सकती है।

काला हिरण फिल्म मामले में सुनवाई दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की एक याचिका पर सुनवाई करेगा। इस याचिका में फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी' की रिलीज और प्रमोशन पर रोक लगाने की मांग की गई है। सलमान खान का आरोप है कि यह फिल्म उनके पर्सनैलिटी राइट्स (व्यक्तित्व अधिकारों) का उल्लंघन करती है और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती है। बीते शुक्रवार को भी इस मामले में सुनवाई हुई थी। तब कोर्ट ने फिल्म ने मेकर्स को नोटिस जारी कर मामले की अगली सुनवाई 19 जून के लिए तय की थी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)

महिला टी-20 विश्वकप में आज न्यूजीलैंड और आयरलैंड का मुकाबला महिला टी-20 विश्वकप में आज गत विजेता न्यूजीलैंड का सामना आयरलैंड से होगा। न्यूजीलैंड की टीम अपने पहले दोनों मुकाबले हार चुकी है। ऐसे में उसके ऊपर ग्रुप चरण से ही बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं, आयरलैंड भी अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हारकर ग्रुप बी में अंग तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। आज का मुकाबला जीतकर दोनों टीमें लय में वापसी की कोशिश करेंगी।

फीफा विश्वकप में ब्राजील की टीम होगी एक्शन में फीफा विश्वकप में आज देर रात 12.30 बजे मेजबान अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला होगा। रात साढ़े तीन बजे स्कॉटलैंड और मोरक्को आमने-सामने होंगे। 20 जून की सुबह छह बजे से ब्राजील की टीम हैती के खिलाफ एक्शन में होगी। वहीं, 20 जून सुबह साढ़े आठ बजे तुर्किये और पराग्वे के बीच मैच खेला जाएगा।

Source: https://www.amarujala.com/india-news/19-june-2026-major-events-2026-06-18