खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा सेक्टर-152 स्थित निर्माणाधीन एटीएस पिक्चरेस्क रिप्राइव परियोजना में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। टावर संख्या-23 की 37वीं मंजिल पर शटरिंग का कार्य कर रहे दो मजदूर सेफ्टी बेल्ट टूट जाने के कारण ऊंचाई से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल दोनों मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
बंगाल के रहने वाले थे दोनों मजदूर पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12:45 बजे सूचना प्राप्त हुई कि सेक्टर-152 स्थित निर्माणाधीन एटीएस परियोजना में कार्य के दौरान दो मजदूर ऊंचाई से गिर गए हैं। हादसे के शिकार मजदूरों की पहचान 24 वर्षीय रईसुल हक निवासी जिब्रामर कुथी, फुलेश्वरी, कूच पश्चिम बंगाल और वर्तमान निवासी कोंडली मार्केट के रूप में हुई है। दूसरे मजदूर की पहचान 45 वर्षीय अब्दुल समद निवासी खरीजा फुलेश्वरी पुतिमारी कूच बिहार, पश्चिम बंगाल और वर्तमान निवासी कुंडली के रूप में हुई है।
37वीं मंजिल पर कर रहे थे शटरिंग का काम बताया गया कि दोनों मजदूर टावर संख्या-23 की 37वीं मंजिल पर शटरिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनकी सुरक्षा के लिए लगी सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई, जिससे दोनों संतुलन खो बैठे और ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों मजदूरों को गंभीर चोटें आईं। निर्माण कंपनी के कर्मचारियों और अन्य मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सेफ्टी बेल्ट का टूटना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
पुलिस का बयान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। घटना के बाद निर्माण स्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
Source: https://www.amarujala.com/photo-gallery/delhi-ncr/noida/two-workers-die-after-falling-from-the-37th-floor-in-greater-noida-2026-06-11