खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें

या वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें

अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो

गाजियाबाद स्थित शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के राजेंद्र नगर सेक्टर दो स्थित आरएम ब्लॉक सोसायटी के सामने सात जून की देर रात हुए हादसे की वजह डिवाइडर नहीं ब्रेकर था। हादसे में घायल टीलामोड़ के भोपुरा निवासी राहुल कुमार (34) की मौत हो गई थी। वहीं ब्रेकर की बात तब सामने आई जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। युवक के परिजनों का आरोप है कि ब्रेकर सोसायटी आरडब्ल्यूए ने बनवाया था। वहीं आरडब्ल्यूए के सचिव धनंजय कुमार श्रीवास्तव ने इसकी जिम्मेदारी नगर निगम पर डाली है। जांच में एक दिन पहले ही ब्रेकर बनने की बात सामने आई है।

रात खाना लेने गए थे राहुल राहुल कुमार हिंडन एयरबेस में ठेकेदारी व्यवस्था के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। रविवार देर रात करीब 12 बजे वह खाना लेने के लिए जा रहे थे। रास्ते में आरएम ब्लॉक सोसायटी के सामने बने ब्रेकर पर उनकी बाइक अनियंत्रित हुई और वह करीब 50 मीटर दूर जाकर गिरे।

सीसीटीवी में हुआ हादसे का खुलासा गंभीर रूप से घायल राहुल कुमार को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। राहुल की करीब 16 वर्ष पहले शादी हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। देर रात पुलिस भी डिवाइडर से टकराकर हादसा होने की बात कहती रही लेकिन 8 जून को जब पुलिस ने जांच की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तब ब्रेकर पर चढ़कर बाइक अनियंत्रित होने की बात सामने आई।

राहुल के परिजनों ने बताई हकीकत राहुल के परिजनों ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने उन्हें फुटेज भी दिखाई थी। पुलिस के अनुसार यह ब्रेकर सोसायटी आरडब्ल्यूए ने बवनाया था। वहीं सोसायटी के सचिव धनंजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोसायटी के पास दो अस्पताल व एक निजी स्कूल है। कई बार पहले यहां तेज रफ्तार के चलते हादसे हो चुके थे। इसकी वजह से पुलिस ने ही नगर निगम से पत्राचार कर ब्रेकर बनाने की बात कही थी। इसके बाद ही ब्रेकर बना था।

ब्रेकर पर नहीं किया गया था पेंट जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे से एक दिन पहले ही ब्रेकर बनने और ठीक से सूख न पाने की वजह से उस पर पेंट भी नहीं हो पाया था। रात में दिखाई न देने पर हादसा होने का अंदेशा जताया जा रहा है।

Source: https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/illegal-speed-breaker-caused-rahul-death-cctv-footage-reveals-the-truth-2026-06-09